गुरूग्राम। समाधान शिविर में जनशिकायतों की सुनवाई करते हुए डीसी निशांत कुमार यादव ने कहा कि खंडेवला गांव में पंचायत की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों की जांच करवाई जाएगी।
लघु सचिवालय सभागार में आयोजित हुए समाधान शिविर में फर्रूखनगर खंड के गांव खंडेवला के निवासी सुखबीर सिंह, रणधीर सिंह, राजसिंह, आजाद सिंह, जयपाल, प्रवीन इत्यादि ने बताया कि उनके गांव के मंदिर के समीप एक जोहड़ है। इस जोहड़ की गांव की सरपंच ने चालीस फुट तक गहरी छंटाई करवा दी है। जिससे जोहड़ के आसपास बने मकानों की दीवारों में दरारें आने का खतरा बना हुआ है। उन्हें संदेह है कि इस कार्य को सरकारी मानदंडों के अनुसार नहीं करवाया गया। इसलिए मामले की जांच कर सरपंच के खिलाफ कार्यवाही की जाए। इसी गांव के पंच मुकेश कुमार, अजीत सिंह, हरीश कुमार, बुधराम, भीष्म, गोविंदा, अनीता इत्यादि ने सरपंच पर रविवार को आयोजित हुई पंचायत की बैठक में अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया।
डीसी निशांत कुमार यादव ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नवनीत कौर को इस मामले की जांच करवाने के निर्देश दिए। आज शिविर में सैक्टर दस निवासी सत्यनारायण व खांडसा रोड स्थित राजनगर कालोनी के महेंद्र सिंह यादव ने दरखास्त दी कि उनकी आय अब बढ़ गई है। अतएव उनकी बुढ़ापा पेंशन को बंद कर दिया जाए। डीसी ने कहा कि स्वेच्छा से पेंशन को बंद करवाने के लिए सक्षम नागरिकों को आगे आना चाहिए। कंचन शर्मा ने शिकायत रखी कि सचिवालय और कोर्ट कैंपस में आवारा कुत्तों की तादाद बढ़ती जा रही है। जिस पर अंकुश लगाया जाए। डीसी ने एमसीजी अधिकारियों को इस मामले में कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
आज शिविर में 126 शिकायतें आई थीं, जिनमें से 68 का समाधान कर दिया गया। जिला में कुल 142 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 74 शिकायतों को अभी लंबित रखा गया है। इस मौके पर नगराधीश कुंवर आदित्य विक्रम, एमसीजी के संयुक्त आयुञ्चत विजय यादव, डीटीपी मनीष यादव, सीएसआर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष बोधराज सीकरी व अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

