Site icon VST News

Haryana: चुनाव से पहले इनेलो को बड़ा झटका दे गए पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा, भाजपा में हुए शामिल

हरियाणा में चुनावी दौर शुरु हो चुका है। इसी के साथ ही नेताओं की दल-बदल की प्रक्रिया भी शुरु हो चुकी है। इस बीच पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास में भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। श्याम सिंह राणा इनेलो में राष्ट्रीय संगठन सचिव के पद पर थे। उनके दोबारा भाजपा में घर वापसी से इनेलो को बड़ा झटका लगा है। क्योंकि इनेलो उनकी रादौर से उम्मीदवार के तौर पर भी घोषणा कर चुकी थी।

राणा के भाजपा में शामिल होने पर बदले राजनीतिक समीकरण
भाजपा में शामिल होने के लिए श्याम सिंह राणा रादौर से कारों के काफिले के साथ रवाना हुए। राणा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की इच्छा के अनुसार ही उन्होंने यह फैसला लिया है। पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी वह उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएगें। राणा के भाजपा में शामिल होने से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। कई नेताओं का गणित बिगड़ गया।

इनेलो से पहले भी भाजपा में ही शामिल थे राणा
श्याम सिंह राणा इनेलो में शामिल होने से पहले भाजपा के कई पदों पर आसीन रह चुके थे। वह भाजपा के जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भी रहे। 2009 व 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा। जिसमें 2014 में उन्हें जीत हासिल हुई। तब श्याम सिंह राणा ने इनेलो के राजकुमार बुबका को बड़े वोटो के अंतर से हराया था।

बता दें कि 2019 में भाजपा ने उनका टिकट काटकर राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज को टिकट दे दिया था। जिससे श्याम सिंह राणा नाराज चल रहे थे। चुनाव के समय उन पर बगावत के आरोप भी लगे थे। इसलिए प्रदेश में दोबारा सरकार बनने के बावजूद श्याम सिंह राणा ने 2020 में भाजपा को अलविदा कहकर इनेलो का दामन थाम लिया था।

Exit mobile version