2 जुलाई को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत धमाकेदार रही। प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। पहली बार निफ्टी 24,200 के पार पहुंचा। आज सुबह 9:13 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का बीएसई बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 364.18 अंक यानी 0.46% की बढ़त के साथ 79,840.37 पर पहुंच गया है। यह सेंसेक्स का अब तक का उच्चतम स्तर है।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 86.80 अंक या 0.36% बढ़कर 24,228.75 पर पहुंच गया है, जो निफ्टी के लिए एक नया रिकॉर्ड हाई है।
बाजार खुलने पर 1935 शेयर हरे निशान पर खुले
बाजार खुलने के साथ ही करीब 1935 शेयरों में तेजी, 536 शेयरों में गिरावट और 97 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। शुरुआती कारोबार के दौरान निफ्टी पर आयशर मोटर्स, विप्रो, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और हीरो मोटोकॉर्प सबसे ज्यादा बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। जबकि बजाज ऑटो, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स और अडानी एंट शेयर में गिरावट देखी गई।
दुनिया के शेयर बाज़ारों में हलचल का असर
रात भर अमेरिकी बाजारों में रिकॉर्ड बढ़त के बाद मंगलवार सुबह एशियाई बाजारों में तेजी रही। जापान का निक्केई 225 0.29% बढ़कर 39,747 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह, कोरियाई इंडेक्स कोस्पी 0.78% नीचे 2,782.50 पर था। एशिया डाउ 0.23% बढ़कर 3,595 पर कारोबार कर रहा था। हैंग सेंग 17,719 पर स्थिर रहा। बेंचमार्क चीनी सूचकांक शंघाई कंपोजिट भी 2,995 पर स्थिर रहा।