दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की बड़ी बैठक: हरियाणा के 30 नेताओं संग हरियाणा विधानसभा पर मंथन करेंगे राहुल-खड़गे

दिल्ली: कांग्रेस हाईकमान की आज हरियाणा के नेताओं से दिल्ली में बड़ी बैठक होगी। आज हरियाणा विधानसभा की रणनीति के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की बैठक होगी। इस बैठक में हरियाणा से करीब 30 वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है ।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता सांसद राहुल गांधी के अलावा राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल हरियाणा मामलों के प्रभारी दीपक बावरिया मौजूद रहेंगे।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष उदय भान, पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा , राष्ट्रीय महासचिव एवं सिरसा से सांसद कुमारी शैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला , रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा , हिसार से सांसद जयप्रकाश, सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी , अंबाला सांसद वरुण चौधरी मौजूद रहेंगे।
फरीदाबाद से लोकसभा प्रत्याशी महेंद्र प्रताप, भिवानी महेंद्रगढ़ प्रत्याशी राव दान सिंह, गुडगांव से कांग्रेस के उम्मीदवार रहे राज बब्बर , करनाल से उम्मीदवार एवं यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा भी मौजूद रहेंगे।
तीनों कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, जितेंद्र कुमार भारद्वाज और सुरेश गुप्ता को भी बुलाया गया है। चारों राष्ट्रीय सचिव आशीष दुआ, वीरेंद्र सिंह राठौड़ , विनीत पूनिया और प्रदीप नरवाल को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है। ओबीसी विभाग के अध्यक्ष कैप्टन अजय यादव , एक्स सर्विसमैन विभाग के अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी के अलावा करीब 5 वरिष्ठ विधायकों को भी बुलाया गया है।
पूर्व विधायक अशोक अरोड़ा , विधायक गीता भुक्कल, बेरी के विधायक डॉ रघुवीर कादयान , नूंह के विधायक आफताब अहमद , रोहतक के विधायक भारत भूषण बतरा, कलानौर की विधायक शकुंतला खटक, विधायक जयबीर सिंह वाल्मीकि विधायक बिशनलाल सैनी , जगबीर सिंह मलिक भी शामिल होंगे। करीब 30 नेताओं के साथ हरियाणा विधानसभा की रणनीति पर चर्चा कांग्रेस आलाकमान करेगा।